कांकेर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के कांकेर दौरे के दौरान आयोजित स्वागत कार्यक्रम में चोरी की घटना सामने आई है। आरोप है कि भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने 15 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के पर्स व जेब से नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए।
बुधवार को सुखदेव भगत के कांकेर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया था। इसी दौरान माल्यार्पण और स्वागत के बीच धक्का-मुक्की हुई। कार्यक्रम खत्म होने के बाद कई कार्यकर्ताओं ने जब अपनी जेब और पर्स देखे तो चोरी का पता चला।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, चोरी की घटनाओं में कुल 40 हजार रुपये से अधिक की नकदी जाने की बात सामने आई है। कई लोगों के पर्स में आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और परिवार से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी थे।
आमोड़ा मंडल अध्यक्ष कमलेश कोमरा ने बताया कि उनके पर्स में करीब पांच हजार रुपये के अलावा कई जरूरी दस्तावेज थे। वहीं सेक्टर प्रभारी कमलेश कुमार देवांगन ने करीब 10 हजार रुपये गायब होने की बात कही। कांग्रेस नेता देवानंद मरकाम के पर्स में भी नकदी और परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड थे।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि पैसे से ज्यादा चिंता जरूरी दस्तावेजों की है। उन्होंने भविष्य में पार्टी के कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
घटना के बाद कांकेर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस कार्यक्रम स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर आगे कार्रवाई की जाएगी।