रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर छत्तीसगढ़ में सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राजधानी रायपुर में विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में प्रदेश के जिला मुख्यालयों समेत 38 स्थानों पर सेवा ज्योति संकल्प चौक बनाए जाने की घोषणा की। रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी इसी रूप में विकसित किया जाएगा।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने हाथ में मशाल लेकर सेवा ज्योति यात्रा का नेतृत्व किया। यात्रा विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची। इस दौरान बाइक रैली को भी रवाना किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये संकल्प चौक सिर्फ सार्वजनिक स्थल नहीं होंगे, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के प्रतीक होंगे। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य सामूहिक प्रयास से पूरा किया जा सकता है।
साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य के साथ राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ तैयार किया है। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।