रायपुर में जेल प्रहरी के खाते से 95 हजार रुपये पार, मोबाइल फॉर्मेट कराने के बाद हुआ साइबर फ्रॉड

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक जेल प्रहरी साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उनके बैंक खाते से 95 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गंज पुलिस के मुताबिक केंद्रीय जेल रायपुर में पदस्थ जेल प्रहरी आत्माराम सिन्हा जेल कॉलोनी स्थित सरकारी क्वार्टर में रहते हैं। 28 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे उनके मोबाइल में योनो, पेटीएम और फोन-पे एप काम नहीं कर रहे थे। इसके बाद वह मोबाइल को जांच कराने के लिए एक सर्विस सेंटर ले गए। वहां मोबाइल को फॉर्मेट कर दिया गया।

करीब दो दिन बाद उन्होंने मोबाइल में दोबारा बैंकिंग और पेमेंट एप डाउनलोड किए। इसके बाद जब बैंक खाते की जानकारी देखी तो उसमें से 95 हजार रुपये गायब मिले।

1930 पर की शिकायत

जेल प्रहरी ने मामले की जानकारी मिलने के बाद साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर शिकायत की जांच में सामने आया कि 29 सितंबर को सुबह 11:59 बजे उनके एसबीआई खाते से 95 हजार रुपये यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक के एक खाते में ट्रांसफर किए गए थे।

शिकायत के आधार पर गंज पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब उस बैंक खाते के धारक की जानकारी जुटाने के साथ रकम के ट्रांजैक्शन और साइबर ठगी के तरीके की जांच कर रही है।