छत्तीसगढ़ कांग्रेस की वापसी की रणनीति, बस्तर के तीन दिवसीय दौरे पर सुखदेव भगत

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत सात से नौ अक्टूबर तक बस्तर संभाग के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कांकेर, जगदलपुर और दंतेवाड़ा में पार्टी नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे।

कांग्रेस के लिए बस्तर का यह दौरा इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि 2018 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने संभाग की 12 में से 11 सीटों पर जीत दर्ज की थी। लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा और पार्टी चार सीटों तक सिमट गई।

सुखदेव भगत के दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करना और आगामी चुनावों के लिए पार्टी को मजबूत करने की रणनीति तैयार करना बताया जा रहा है। बैठकों के दौरान स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं और सरकार के प्रति लोगों की प्रतिक्रिया पर भी फीडबैक लिया जाएगा।

दंतेवाड़ा में भगत बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर प्रभावित लोगों से मुलाकात भी करेंगे। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत के भी इस दौरे में उनके साथ रहने की बात कही गई है।

इस बीच प्रदेश कांग्रेस संगठन में बदलाव को लेकर भी चर्चा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल पूरा हो चुका है। ऐसे में भगत का बस्तर दौरा संगठन की स्थिति और प्रदेश नेतृत्व की जमीनी पकड़ के आकलन के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।