दो पत्नियों के विवाद में फिर हाई वोल्टेज ड्रामा, 60 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ा युवक, ढाई घंटे बाद पुलिस ने उतारा नीचे

 धमतरी :  भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम भेंड्रा में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक करीब 60 फीट ऊंचे हाई टेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक करीब ढाई घंटे तक टावर पर बैठा रहा, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

दोनों पत्नियों को साथ रखने की मांग

जानकारी के अनुसार, युवक यादराम साहू का अपनी दोनों पत्नियों के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि वह दोनों पत्नियों को एक साथ अपने साथ रखने की मांग कर रहा था। इसी विवाद के चलते उसने दोबारा यह कदम उठाया।

पहले भी कर चुका है ऐसा प्रयास

यह पहली बार नहीं है जब युवक बिजली टावर पर चढ़ा हो। इससे पहले 23 मई को भी उसने इसी हाई टेंशन टावर पर चढ़कर हंगामा किया था। उस समय भी उसकी मांग दोनों पत्नियों के साथ रहने को लेकर थी और काफी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा गया था।

पुलिस की समझाइश के बाद उतरा नीचे

घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक समझाइश दी, जिसके बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई।

प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तैयारी

भखारा थाना प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। मामले में उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी पारिवारिक या व्यक्तिगत विवाद का समाधान कानून और बातचीत के माध्यम से करें तथा इस तरह अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले कदम न उठाएं।