वॉशिंग पाउडर की आड़ में चल रही थी अवैध गुटखा फैक्ट्री, पुलिस के छापे में बड़ा खुलासा

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध गुटखा निर्माण का बड़ा मामला सामने आया है। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के कचांदूर गांव में वॉशिंग पाउडर की पैकेजिंग के नाम पर किराए पर लिए गए गोदाम में जर्दायुक्त गुटखा तैयार किया जा रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर पूरे गोरखधंधे का पर्दाफाश करते हुए फैक्ट्री को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और गुटखा बनाने वाली मशीनें जब्त की गई हैं।

डिटर्जेंट पैकिंग का बहाना, अंदर चल रहा था अवैध कारोबार

पुलिस जांच में पता चला कि उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद सानू ने करीब 15 से 20 दिन पहले गोदाम किराए पर लिया था। उसने गोदाम मालिक को बताया था कि यहां डिटर्जेंट पाउडर की पैकेजिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए बाकायदा किरायानामा और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी तैयार किए गए थे।

हालांकि कुछ दिनों बाद किराएदार का मोबाइल लगातार बंद आने लगा। गोदाम मालिक ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी दौरान आसपास संदिग्ध गतिविधियां भी नजर आने लगीं, जिससे उसे संदेह हुआ।

गार्ड की सूचना के बाद पुलिस ने मारा छापा

गोदाम परिसर में तैनात गार्ड ने भी मालिक को अंदर कुछ गड़बड़ी होने की आशंका जताई। इसके बाद गोदाम मालिक मोहम्मद मुस्तफा ने जेवरा सिरसा चौकी पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोदाम का ताला खुलवाकर जांच शुरू की।

मशीनें, कच्चा माल और पैकिंग सामग्री बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस को गोदाम के भीतर बड़ी मात्रा में जर्दायुक्त गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकिंग सामग्री, मिक्सर मशीन, कटर मशीन और अन्य उपकरण मिले। कई बोरियों में रखा कच्चा माल भी बरामद किया गया, जिसे जब्त कर लिया गया।

सूचना मिलते ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग और जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने जांच के बाद पूरे परिसर को सील कर दिया। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यहां कब से अवैध रूप से गुटखा तैयार किया जा रहा था और इसका नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ था।

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने फरार आरोपी मोहम्मद सानू के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही जब्त सामग्री की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सीएसपी ने क्या कहा?

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि गोदाम मालिक की शिकायत पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान गुटखा निर्माण से जुड़ा कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद हुई हैं। मामले में आगे की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की जा रही है।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

गौरतलब है कि 11 जून को अंडा थाना क्षेत्र के कुथरेल में भी इसी तरह की कार्रवाई हुई थी। वहां भी डिटर्जेंट पाउडर बनाने की आड़ में अवैध रूप से जर्दायुक्त गुटखा तैयार किया जा रहा था। उस मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने जिले में अवैध गुटखा निर्माण के संगठित नेटवर्क की आशंका को और मजबूत कर दिया है।