बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में कथित दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने और उसके कपड़े उतरवाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप स्थानीय जनपद सदस्य और उसके साथियों पर लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाने में घुसकर भी नहीं मिली सुरक्षा, पीड़ित का गंभीर आरोप
पीड़ित युवक अल्ताफ अंसारी का आरोप है कि हमलावरों से जान बचाने के लिए वह सीधे रामचंद्रपुर थाने पहुंचा था। उस समय थाने में केवल एक पुलिसकर्मी मौजूद था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उसे वहां से जबरन अपने साथ ले गए। युवक का दावा है कि इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और कपड़े उतरवाकर इलाके में घुमाया गया।
राशन कार्ड को लेकर शुरू हुआ विवाद
अल्ताफ अंसारी के मुताबिक, करीब दो महीने पहले उसने जनपद सदस्य बख्श अंसारी से राशन कार्ड बनवाने की बात कही थी। उसने यह भी कहा था कि जरूरत पड़े तो वह इसके लिए पैसे देने को तैयार है, लेकिन जनपद सदस्य ने बिना पैसे काम कराने का भरोसा दिया था।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने दोबारा राशन कार्ड की प्रगति के बारे में पूछताछ की तो जनपद सदस्य नाराज हो गया और विवाद बढ़ने के बाद उसके साथ मारपीट की गई।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद सदस्य बख्श अंसारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351, 296, 115 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
मेडिकल जांच में चोटों की पुष्टि
मेडिकल ऑफिसर डॉ. दीपांकर ने बताया कि घायल युवक की पीठ पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिनमें रक्तस्राव के संकेत भी दिखाई दिए। इसके अलावा हाथ और पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें पाई गई हैं।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पीड़ित के आरोप कि उसे थाने से भी जबरन ले जाया गया, इस पहलू की भी जांच की जा रही है।