Weather Updates : दक्षिण से आ रही नम हवा से तापमान में आएगी गिरावट

रायपुर, 19 मई। Weather Updates : छत्तीसगढ़ में बुधवार दोपहर की तपिश के बाद शाम को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश भर में मौसम का मिजाज बदल गया। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश भी हुई।

मौसम विभाग (Weather Updates) का कहना है कि गुरुवार को प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में मौसम का रुख इस प्रकार ही रहेगा। कुछ क्षेत्रों में अंधड़ के साथ बारिश होगी और अधिकतम तापमान में गिरावट का दौरा शुरू होगा। विभाग का कहना है कि मौसम का मिजाज अभी कुछ दिन इसी प्रकार ही रहेगा।

अधिकतम तापमानों में प्रदेश के बस्तर संभाग में उल्लेखनीय गिरावट और दूसरे क्षेत्रों में विशेष बदलाव नहीं रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान एआरजी (अजुर्नी) बलौदाबाजार में 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोहांडीगुड़ा में छह सेमी, बस्तर-बस्तानार में चार सेमी, देवभोग में तीन सेमी वर्षा हुई। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में हल्की वर्षा दर्ज की गई।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा (Weather Updates) ने बताया कि एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका मध्य प्रदेश से अंदरूनी तमिलनाडु तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके साथ ही एक पूरब पश्चिम द्रोणिका उत्तर पश्चिम राजस्थान से पश्चिम असम तक 0.9 किमी ऊंचाई तक है। उन्होंने कहा कि इसके प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ ही छींटे पड़ सकते हैं। साथ ही कुछ क्षेत्रों में अंधड़ भी चल सकता है और बारिश भी होगी। अब अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा।