रायपुर, 15 दिसंबर। नगरीय निकायों में निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्भीक चुनाव कराने प्रशासन की सख्ती प्रारंभ हो गई है। सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के मद्देनजर अब तक 3689 लोगों के हथियार जमा करवाए गए हैं। शराब बी पकड़ी जाने लगी है। अब तक 1793 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। 418 गैर जमानती वारंटों की तामीली की गई है।
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह के अनुसार 3689 शस्त्र जमा करवाए गए हैं। आबकारी के 340 प्रकरणों पर कार्रवाई की गई। 211 लीटर शराब ज़ब्त की गई है। परिवहन अधिनियम के 1867 प्रकरण बनाए गए हैं। आरोपियों से 5 लाख 8100 रुपए समन शुल्क वसूला गया है।
सीआरपीसी की धाराओं के तहत 1843 केस बनाए गए हैं। आयोग चुनाव वाले जिलों कलेक्टर एवं एसपी से लगातार रिपोर्ट ले रहा है। सभी जिलों और आयोग में शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। नगरीय निर्वाचन को लेकर पुलिस विभाग में नियुक्त नोडल अधिकारी ने बताया कि 40 कार्यपालक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा उड़नदस्ते भी गठित किए गए हैं।