विजयवाड़ा उत्सव में शामिल हुए CM मोहन यादव, बोले- संस्कृति और परंपराएं जीवन में भरती हैं उमंग

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आंध्र प्रदेश में आयोजित विजयवाड़ा उत्सव में शामिल हुए। यहां उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को देश की ताकत बताते हुए कहा कि सांस्कृतिक कलाएं जीवन में उत्साह और उमंग भरती हैं। उत्सव में करीब 4 से 5 हजार कलाकार विभिन्न नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे रहे हैं।

कार्यक्रम में ‘दक्षिण का वैभव’ थीम पर कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। आंध्र प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। डॉ. यादव ने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी।

मध्यप्रदेश और आंध्र प्रदेश के पुराने संबंधों का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश और आंध्र प्रदेश के बीच लंबे समय से सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। दोनों राज्यों की परंपराएं और विरासत देश की विविधता को समृद्ध करती हैं। उन्होंने विजयवाड़ा के लोगों को विजयदशमी की शुभकामनाएं भी दीं।

डॉ. यादव ने मां कनक दुर्गा और भगवान मल्लिकार्जुन स्वामी को नमन करते हुए सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि विजयवाड़ा उत्सव भारतीय संस्कृति की विविधता और दक्षिण भारत की समृद्ध परंपराओं को सामने लाने का अवसर है।

महाकाल और ओंकारेश्वर आने का न्योता

मुख्यमंत्री ने उत्सव में शामिल लोगों को मध्यप्रदेश आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने उज्जैन में बाबा महाकाल और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने की अपील की। साथ ही प्रदेश की वन्यजीव संपदा और चीतों को देखने के लिए भी आमंत्रित किया।

डॉ. यादव ने विजयवाड़ा क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान का उल्लेख करते हुए यहां के हीरा कारोबार और आम बाजार की प्रसिद्धि पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी सहयोग से दोनों राज्यों के संबंध और मजबूत होंगे।