सीडीएस जनरल बिपिन रावत का पार्थिव शरीर पहुंचा उनके घर, ब्रिगेडियर लिड्डर हुए पंचतत्‍व में विलीन

नई दिल्‍ली, 10 दिसंबर। सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्‍नी मधुलिका रावत समेत सभी जवानों का अंतिम संस्‍कार आज पूरे सैन्‍य सम्‍मान के साथ किया जाएगा। इसके लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। इस हादसे में जान गंवाने वाले जनरल बिपिन रावत के सलाहकार ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर का अंतिम संस्‍कार सुबह करीब 10:15  बजे दिल्‍ली कैंट के ब्रार स्‍क्‍वायर में किया गया।

LIVE UPDATES:-

ब्रिगेडियर लिड्डर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा तीनों सेनाध्‍यक्षों, हरियाणा के मुख्‍यमंत्री, एनएसए अजीत डोभाल, सेना के अधिकारी और जवानों ने उन्‍हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनका अंतिम संस्‍कार कर दिया गया। ब्रिगेडियर लखविंदर सिंह लिड्डर ने कांगों में यूएन मिशन के तहत अपनी सेवाएं दी थीं।

उनका सहयोग चीन से लगती सीमा पर बेहतर रणनीति बनाने और जम्‍मू कश्‍मीर में आतं‍क विरोध अभियान की रणनीति बनाने में उनका अहम योगदान रहा था। वो सीडीएस जनरल बिपिन रावत के करीब डेढ़ वर्षों से मिलिट्री एडवाइजर थे। उनकी एक बेटी है। बेहद खुश-मिजाज और बहादुर जवान को आज देश नमन कर रहा है।

बता दें कि ब्रिगेडियर लिड्डर के पिता भी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद प थे। कुछ ही समय में उनका मेजर जनरल पद के लिए प्रमोशन होने वाला था। वे पंचकुला के रहने वाले थे।

सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्‍नी मधुलिका रावत के पार्थिव शरीर को बेस अस्‍पताल से उनके आधि‍कारिक निवास कामराज मार्ग पर ले जाया गया है। यहां पर गणमान्‍य लोगों के साथ आम आदमी भी उनका अंतिम दर्शन कर सकेंगे। यहां पर सीडीएस के साथ में ही उनकी पत्‍नी के पार्थिव शरीर को भी रखा गया है। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा के लिए निकाला जाएगा। यहां पर गृहमंत्री अमित शाह ने उन्‍हें श्रद्धांजलि दी। उन्‍होंने कुछ देर परिजनों से भी बात की।

हेलीकाप्‍टर क्रैश में हुआ था देहांत 

आपको बता दें कि कुन्‍नूर हेलीकाप्‍टर में मारे गए सभी जवानों के पार्थिव शरीर गुरुवार को विशेष विमान से दिल्‍ली लाए गए थे। दिल्‍ली एयरपोर्ट पर इन जवानों को प्रधानमंत्री समेत कई अन्‍य गणमान्‍य लोगों ने अपनी श्रद्धांजलि दी। बता दें कि सीडीएस जनरल बिपिन रावत का हेलीकाप्‍टर बुधवार कुन्‍नूर में खराब मौसम की वजह से क्रैश हो गया था। इस हादसे में हेलीकाप्‍टर में सवार 14 में 13 लोग मारे गए थे। इस हादसे में केवल ग्रुप कैप्‍टन वरुण सिंह ही बच पाए हैं जो फिलहाल लाइफ सपोर्ट पर हैं। उन्‍हें बचाने की हर संभव कोशिश की जा रही है।