अंबिकापुर: हॉस्टल की छत पर चढ़ी छात्रा, रोशन ठाकुर ने सुरक्षित नीचे उतारा

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कक्षा 12वीं की एक छात्रा के हॉस्टल की दो मंजिला इमारत की छत पर चढ़ने से अफरा-तफरी मच गई। छात्रा नीचे कूदने की धमकी दे रही थी। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद रोशन ठाकुर नाम के युवक ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

घटना शहर के नावापारा स्थित आकाशवाणी रोड पर उर्दूलाइन स्कूल के पास संचालित हॉस्टल की है। जानकारी के अनुसार, छात्रा अचानक छत पर पहुंच गई और रेलिंग के पास जाकर नीचे कूदने की बात कहने लगी। शिक्षकों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुई।

पाइप के सहारे छत पर पहुंचा युवक

घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। इसी दौरान रोशन ठाकुर पाइप के सहारे छत पर पहुंचा और छात्रा को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद छात्रा को हॉस्टल के शिक्षकों के सुपुर्द कर दिया गया।

छात्रा के कदम की वजह स्पष्ट नहीं

बताया गया है कि छात्रा जशपुर जिले के कांसाबेल क्षेत्र की रहने वाली है। फिलहाल उसके इस कदम के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। मामले में छात्रा की काउंसलिंग कर उसकी परेशानी समझना और जरूरत के मुताबिक सहायता उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है