छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग के 243 पदों पर चयन, डॉ. रमन सिंह ने सौंपे नियुक्ति पत्र

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 243 युवाओं का चयन किया गया है। राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में विभिन्न पदों पर चुने गए अभ्यर्थियों को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नियुक्ति पत्र सौंपे।

शुक्रवार को स्पीकर हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ. सिंह ने नवचयनित कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में चयन के साथ आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने की जिम्मेदारी भी आती है।

ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

चयनित कर्मचारियों में स्टाफ नर्स, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, एएनएम और अन्य पैरामेडिकल पदों के अभ्यर्थी शामिल हैं। इनकी नियुक्ति से संबंधित जिलों के स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

डॉ. रमन सिंह ने कर्मचारियों से कहा कि वे अपनी तैनाती वाली जगह पर पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करें। उन्होंने ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया के अनुभव साझा किए। विधानसभा अध्यक्ष ने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की सराहना की।