25 अक्टूबर को रायपुर आएंगी स्मृति ईरानी, मिशन 2028 पर भाजपा की मैराथन बैठकें

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगी। उनके साथ सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी आएंगे। दोनों नेता दो दिन तक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठन की बैठकों में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है।

मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ बैठक

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश प्रभारी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और जिला स्तर के नेताओं के साथ भी चर्चा होगी। इसके अलावा भाजपा के कोर ग्रुप की बैठक अलग से आयोजित की जाएगी।

पुराने नेताओं को मिल सकती है जिम्मेदारी

बैठक में उन वरिष्ठ नेताओं से भी अलग-अलग चर्चा किए जाने की तैयारी है, जिनके पास फिलहाल संगठन में कोई प्रमुख जिम्मेदारी नहीं है। पार्टी आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए उनके अनुभव का इस्तेमाल करने और संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय करने पर विचार कर सकती है।

स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू की इस यात्रा को छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने और मिशन 2028 की रणनीति तैयार करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।