नई दिल्ली, 27 सितंबर। तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन का नेतृत्व करने वाले 40 से अधिक किसान संगठनों के निकाय संयुक्त किसान मोर्चा ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। अनेक सामाजिक संगठनों और राजनैतिक दलों ने भारत बंद का समर्थन किया है। किसान इस दौरान इंमरजेसी सेवा को छोड़कर सभी चीजों को बंद करेंगे। भारत बंद को लेकर ये तय किया गया है कि इस दौरान किसान रास्तों और हाईवे पर धरना देंगे। सरकारी दफ्तरों के सामने प्रदर्शन होगा। किसान दिल्ली के बार्डर का भी घेराव करेंगे। किसानों के इस भारत बंद को विपक्ष का समर्थन मिला है। भारत बंद की वजह से दिल्ली में कई रास्तों का बंद किया गया है तो कई जगह रूट डायवर्ट किया गय़ा है।
Bharat Bandh LIVE Updates:
गाजीपुर सीमा पर किसानों का प्रदर्शन
किसान संगठनों ने तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ आज भारत बंद का आह्वान किया है। गाजीपुर सीमा पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। विरोध के चलते उत्तर प्रदेश से गाजीपुर की ओर यातायात बंद कर दिया गया है।
दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग किया जाम
दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में किसानों के विरोध में कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन करते हुए अवरुद्ध कर दिया गया। किसान संगठनों ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आज भारत बंद का आह्वान किया है।
किसानों के भारत बंद के कारण उत्तर प्रदेश से गाजीपुर सीमा की ओर यातायात बंद कर दिया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।
एक किसान का कहना है कि किसानों के विरोध के भारत बंद के आह्वान को देखते हुए हमने शाम चार बजे तक शंभू सीमा (पंजाब-हरियाणा सीमा) को बंद कर दिया है।
संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के नेतृत्व के तहत 40 किसान संगठनों ने भारत बंद करने की अपील की है। किसान संगठनों ने लोगों से कहा गया है कि किसानों के संघर्ष में शामिल होकर अपना योगदान दें।