रायपुर, 11 सितंबर। शनिवार को हुई इस वर्ष की सबसे तेज बारिश ने पूरे रायपुर शहर को जलमग्न कर दिया। रायपुर शहर के जिस क्षेत्र में जाओ, पानी ही पानी दिखा, इससे ये तो तय हो गया कि
जलनिकासी की व्यवस्था पूरी फेल है।
दोपहर के बाद हुई करीब एक घंटे की तेज झमाझम बारिश से रायपुर शहर की मुख्य सड़कें लबालब हो गईं। उफनाए नालों का पानी बस्तियों, कॉलोनियों और घरों में भर गया। कई निचले इलाकों में हालात चिंताजनक हो गए।
राजा तालाब क्षेत्र में घर में घुसा पानी
घण्टेभर से हुई लगातार तेज बारिश ने शहर का जयस्तंभ चौक, लालगंगा सहित कई इलाकों में
जलमग्न हो चुका था। जीई रोड पर पूरी तरह पानी भरा था। नगर घड़ी चौक पर घुटनों तक पानी बह रहा था। राजा तालाब, प्रोफेसर कॉलोनी, अवंति विहार, जल विहार कॉलोनी, रेलवे स्टेशन रोड, विशाल नगर, समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, जगन्नाथ नगर, बांसटाल, मोदहापारा जैसे क्षेत्रों में लोगों के घरों में पानी घुस गया। गलियों में घुटनों से ऊपर पानी था। मोदहापारा की सड़क को तो दुर्घटना की आशंका में बंद कर दिया गया। आवाजाही एकदम से बंद हो गई। इसकी वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
मौसम विभाग के मुताबिक शाम 5 बजे तक रायपुर में 30 मिलीमीटर से अधिक पानी बरस चुका था।
शॉपिंग कॉम्पलेक्स और थाने में भरा पानी
सबसे व्यस्त इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों में से एक लालगंगा शॉपिंग कॉम्पलेक्स में पानी घुस गया। उसके भूतल वाले हिस्से में दुकानों में पानी जाने से इलेक्ट्रॉनिक सामानों के नुकसान की आशंका है। आजाद चौक थाने में भी पानी भरा है। इसकी वजह से पुलिसकर्मियों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। घुटनों के ऊपर तक गंदे पानी भरे रास्तों से होकर लोग मजबूरी में आवाजाही कर रहे थे।