अगरतला, 13 अगस्त। त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश यूनिट ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के विरोध में ‘धिक्कार दिवस’ आयोजित करने का फैसला लिया है। BJP ने TMC पर पूर्वोत्तर राज्य में ‘अराजक स्थिति’ पैदा करने की साजिश करने का आरोप लगाया है। इस धिक्कार दिवस के मौके पर BJP त्रिपुरा के सभी 60 निर्वाचन क्षेत्रों में TMC के खिलाफ रैलियां आयोजित करेगी।
इससे पहले त्रिपुरा BJP यूनिट केे मुख्य प्रवक्ता सुब्रत चक्रवर्ती ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गलत बयान देने का आरोप लगाया था। दरअसल ममता बनर्जी ने कहा था कि अंबासा में झड़प में कथित रूप से उनकी पार्टी के नेता घायल हुए थे और उन्हें पिछले शनिवार को पुलिस हिरासत में भोजन और पानी नहीं दिया गया था। पार्टी प्रवक्ता ने बताया, ‘इस बात के लिए मेरे पास सबूत के तौर पर वो वीडियो फुटेज है जिसमें उन्हें हिरासत में खाना और पानी दिया जा रहा है। TMC जानबूझकर कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा करने की कोशिश कर रही है।’ सुब्रत चक्रवर्ती ने यह भी कहा, ‘TMC त्रिपुरा में अराजकता के हालात पैदा करने की कोशिश कर रही है।’ उन्होंने इस बात को खारिज किया कि किसी भी झड़प में TMC का कोई कार्यकर्ता घायल हुआ।’
बता दें कि त्रिपुरा के धलाई जिले में पिछले सप्ताह तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में कथित तौर पर शामिल होने के आरोप में दो और तृणमूल कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। अंंबासा में 7 अगस्त को हुई झड़प के संबंध में इससे पहले 14 अन्य तृणमूल कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था जिन्हें बाद में जमानत मिल गई थी। अंंबासा पुलिस ने बुधवार रात को सुरजीत सूत्रधार को गिरफ्तार किया जो उस दिन पश्चिम बंगाल के तृणमूल नेता देबंग्शु भट्टाचार्य की कार चला रहे थे। इसके अलावा अमल भौमिक को भी उनके घर से गिरफ्तार किया गया। एक स्थानीय अदालत ने बृहस्पतिवार को इन दोनों को चार दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
7 अगस्त को अगरतला से करीब 90 किलोमीटर दूर अंबासा में TMC और BJP के कार्यकर्ता कथित तौर पर आपस में भिड़ गए थे। इस बारे में TMC का कहना है कि BJP कार्यकर्ताओं द्वारा उनके वाहन पर हमला किया गया। इसी हमले में पश्चिम बंगाल के दो युवा नेता जया दत्ता और सुदीप राहा जख्मी हो गए।