स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने खिलाड़ियों के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की शुरुआती सूची तैयार करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सॉफ्टवेयर की मदद ली है। अमेरिकी कंपनी के इस सॉफ्टवेयर ने खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय और घरेलू प्रदर्शन का विश्लेषण कर चयनकर्ताओं को 15 बिंदुओं वाली रिपोर्ट दी। इसके आधार पर 30 खिलाड़ियों के नामों की शुरुआती सूची तैयार की गई है।
‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई 2026 से जून 2027 तक के लिए प्रस्तावित सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा में देरी हो रही है। रिपोर्ट में इसकी एक वजह पाकिस्तान टीम का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खराब प्रदर्शन बताया गया है।
रिजवान और शान मसूद पर नजर
रिपोर्ट के अनुसार, विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और पूर्व टेस्ट कप्तान शान मसूद को कॉन्ट्रैक्ट सूची में जगह मिलने पर अनिश्चितता है। रिजवान फिलहाल टीम से बाहर हैं, जबकि शान मसूद टेस्ट कप्तानी गंवा चुके हैं। हालांकि, अंतिम सूची को लेकर PCB की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
पांच श्रेणियों में होंगे कॉन्ट्रैक्ट
PCB ने नई व्यवस्था में खिलाड़ियों को A, AB, BC, C और D की पांच श्रेणियों में बांटने की योजना बनाई है। शुरुआती चार श्रेणियां सीनियर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए होंगी, जबकि D श्रेणी में उभरते क्रिकेटरों को जगह मिल सकती है।
कॉन्ट्रैक्ट के लिए पिछले 12 महीनों के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन के अलावा फिटनेस, घरेलू क्रिकेट में भागीदारी और निर्धारित प्रदर्शन मानकों को भी ध्यान में रखा जाएगा।
विदेशी लीग में खेलने का भी होगा असर
रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग श्रेणियों के लिए मासिक भुगतान तय किया गया है। PCB ने रिटेनर और मैच फीस के लिए कुल 110 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का बजट रखा है।
कॉन्ट्रैक्ट की श्रेणी खिलाड़ियों के लिए इसलिए भी अहम है, क्योंकि विदेशी टी20 लीग में खेलने की अनुमति पर इसका असर पड़ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, अधिक भुगतान वाली A और AB श्रेणियों के खिलाड़ियों पर विदेशी लीग खेलने को लेकर पाबंदियां हैं, जबकि कुछ खिलाड़ी C श्रेणी को प्राथमिकता दे सकते हैं।
AI सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल के बावजूद अंतिम फैसला बोर्ड और चयनकर्ताओं को करना है। खिलाड़ियों की अंतिम सूची और कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा अभी बाकी है।