रायपुर, 8 सितम्बर। राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में आज राज्य स्तरीय वेबीनार का आयोजन एससीईआरटी से किया गया। इस वेबीनार में मुख्य अतिथि प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री व राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के कार्यकारिणी की अध्यक्ष डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम थे। उन्होने कहा कि कोविड-19 में जब सब घरों पर रहकर कार्य कर रहें है ऐसे समय में डिजिटल साक्षरता दूरदराज के क्षेत्रों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होने कहा कि पढ़ना लिखना अभियान को छत्तीसगढ़ में स्वीकृति प्रदान की गई है जिसमें प्रदेश के 15 वर्ष से अधिक उम्र के ढ़ाई लाख लोगों को प्रथम चरण में साक्षर किया जाएगा।
उन्होने आगे कहा कि एससीईआरटी में अकादमिक कार्यों के लिए राज्य साक्षरता केन्द्र व जिले के डाइट में जिला साक्षरता केन्द्र की स्थापना की जा रही है। उन्होने आगे कहा कि हमे आगामी समय में पाँच क्षेत्रों जसमें बुनियादी साक्षरता, बुनियादी शिक्षा, सतत् शिक्षा, कौशल विकास व डिजिटल साक्षरता पर कार्य करना है।
उन्होने आगे कहा कि गत वर्ष यूनेस्को द्वारा साक्षरता दिवस के अवसर पर डिजिटल साक्षर वर्ष के रूप में मनाए जाने की घोषणा की गई। छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा गढ़बो डिजिटल छत्तीसगढ़ कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ ऐसा पहला राज्य है जहां यूनेस्को के डिजिटल साक्षर विषय का परिपालन किया गया है।
इस अवसर पर अपने प्रारंभिक उद्बोधन में राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के संचालक एवं सदस्य सचिव श्री डी. राहुल वेंकट ने मैदानी स्तर पर कार्य करने वाले अमले को बधाई देते हुए अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के महत्व को बताया। देश की विकास में साक्षरता का बहुत महत्व है। उन्होने बताया कि इस वर्ष साक्षरता दिवस का मुख्य थीम कोविड-19 के समय व इसके बाद में साक्षरता कार्यक्रम का क्रियान्वयन कैसे हो।
कार्यक्रम के प्रारंभ में दंतेवाड़ा की शिक्षिका श्रीमती नीलिमा कर्मकार द्वारा राज्य गीत प्रस्तुत किया गया।
इस वेबीनार में सहायक संचालक प्रशांत कुमार पाण्डेय, दिनेश कुमार टांक, शिक्षा सलाहकार सत्यराज अय्यर, रिसोर्स पर्सन मदन मोहन उपाध्याय, कोरिया जिले के जिला परियोजना अधिकारी यू. के. जायसवाल, सरगुजा जिले के जिला परियोजना अधिकारी गिरीश गुप्ता, सरगुजा के ई एजूकेटर कु. प्रीति तिवारी, बस्तर की शिक्षार्थी सुश्री गोमती बेहरा, दंतेवाड़ा की सीख मित्र कमलोचन बिंजानी व दंतेवाड़ा की शिक्षिका श्रीमती नीलिमा कर्मकार ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम का संचालन सहायक संचालक प्रशांत कुमार पाण्डेय ने तथा आभार प्रदर्शन सहायक संचालक दिनेश कुमार टांक ने किया।