भोपाल: यात्रियों की समस्याओं को समझने और रेल सुविधाओं में सुधार के लिए भोपाल मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रेल जनसंवाद आयोजित किया गया। भोपाल स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) पंकज त्यागी ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर स्टेशन की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल और प्रतीक्षालय जैसी सुविधाओं पर सुझाव लिए।
यात्रियों के सुझावों से सुधरेंगी सुविधाएं
डीआरएम पंकज त्यागी ने कहा कि यात्रियों, रेलकर्मियों और मीडिया से मिलने वाले सुझाव रेलवे की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। यात्रियों से सीधे संवाद करने से उनकी जरूरतों को समझने और सेवाओं में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाने में मदद मिलती है।
जनसंवाद के बाद उन्होंने भोपाल स्टेशन का निरीक्षण किया और यात्री सुविधाओं तथा वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की गई।
रानी कमलापति और नर्मदापुरम में भी संवाद
रानी कमलापति स्टेशन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेन्द्र बघेल ने यात्रियों से बातचीत की। वहीं, नर्मदापुरम स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने यात्रियों की समस्याएं और सुझाव सुने।
नर्मदापुरम में यात्रियों को रेलवे की सुविधाओं, स्टेशन के विकास एवं पुनर्विकास कार्यों, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं बेहतर बनाने पर जोर दिया।
कई अन्य स्टेशनों पर भी पहुंची टीम
रेल जनसंवाद के तहत इटारसी, बीना, विदिशा, सांची, गंज बासौदा, मंडी बामोरा, हरदा, बानापुरा, खिरकिया, संत हिरदाराम नगर, निशातपुरा, अब्दुल्लागंज, मुंगावली, अशोकनगर, गुना, रुठियाई, ब्यावरा राजगढ़, शाजापुर और शिवपुरी समेत मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी यात्रियों से बातचीत की गई।
इन स्थानों पर रेल अधिकारियों और स्टेशन प्रबंधकों ने यात्री सुविधाओं, समस्याओं और अपेक्षाओं से जुड़े सुझाव जुटाए। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की भागीदारी बढ़ाकर सेवाओं में निरंतर सुधार करना है।
रेल जनसंवाद के जरिए रेलवे प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए उनकी प्रतिक्रिया को महत्व दे रहा है।