PWD के कार्यों की समीक्षा: दिसंबर तक निर्माण पूरा करने के निर्देश, लापरवाही पर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

राजनांदगांव: लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जिले में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों की समीक्षा की। गुरुवार को न्यू सर्किट हाउस में हुई बैठक में उन्होंने पुराने और लंबित निर्माण कार्यों को दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण रुके कार्यों को दोबारा शुरू कर उनमें तेजी लाई जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।

निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

समीक्षा बैठक में सचिव ने जिले में स्वीकृत और निर्माणाधीन सड़कों, पुल-पुलियों तथा शासकीय भवनों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने और तय समय-सीमा में निर्माण पूरा कराने को कहा।

बंसल ने स्पष्ट किया कि गुणवत्ताहीन काम करने और निर्धारित समय में निर्माण पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया जाए। उन्होंने निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने और तकनीकी मानकों के अनुरूप काम सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सड़क और पुल-पुलियों के काम प्राथमिकता पर

सचिव ने सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए इन्हें प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की बेहतर स्थिति से नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का जल्द समाधान करने को कहा। साथ ही, काम में अनावश्यक देरी और लापरवाही पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

दीपावली से पहले मजदूरी भुगतान के निर्देश

बैठक में विभिन्न शासकीय भवनों के निर्माण, मरम्मत और रखरखाव कार्यों की भी समीक्षा की गई। सचिव ने कम प्रगति वाले कार्यों में देरी के कारणों की जानकारी लेकर जरूरी कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को दीपावली से पहले मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से भुगतान की स्थिति की समीक्षा करने और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को भी कहा।

बैठक में कलेक्टर जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुर्गा प्रसाद अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।