भोपाल: मध्यप्रदेश को सेमीकंडक्टर उद्योग का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में शुक्रवार, 23 अक्टूबर से इंदौर में मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 शुरू होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय आयोजन का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वह ‘सेमीकंडक्टर हब के रूप में मध्यप्रदेश का विजन’ प्रस्तुत करेंगे।
समिट में देश-विदेश की कंपनियों, निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन में प्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग के विकास, निवेश की संभावनाओं और तकनीकी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
निवेशकों से सीधे चर्चा करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मोहन यादव समिट के दौरान निवेशकों और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में मध्यप्रदेश में उद्योग लगाने की संभावनाओं, निवेश के अवसरों और तकनीकी सहयोग पर चर्चा की जाएगी।
राज्य सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश को सेमीकंडक्टर क्षेत्र में एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए निवेश आकर्षित करने और उद्योगों के अनुकूल माहौल तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
50 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की उम्मीद
दो दिवसीय समिट में 50 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों, निवेशकों और विशेषज्ञों की भागीदारी प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान सेमीकंडक्टर तकनीक, उद्योग की जरूरतों और इस क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
सेमीकंडक्टर चिप का इस्तेमाल मोबाइल फोन, कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, ऑटोमोबाइल और कई आधुनिक तकनीकों में होता है। ऐसे में इस क्षेत्र में निवेश से औद्योगिक विकास, तकनीकी कौशल और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावनाएं हैं।
समिट के जरिए मध्यप्रदेश सरकार निवेशकों के सामने प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और सेमीकंडक्टर क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं को रखने की तैयारी में है।