राजनांदगांव में गोवंश हत्या के आरोपों पर हंगामा, पुलिस और हिंदू संगठनों में झड़प

राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव स्थित गौरी नगर में गोवंशों की हत्या के मामले में आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने के दौरान शनिवार को तनाव की स्थिति बन गई। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों आरोपियों को जेल पहुंचाया।

आरोपियों का निकाला जुलूस

पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ने के बाद शहर में जुलूस निकाला और उनसे उठक-बैठक भी कराई। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया।

आरोपियों को अदालत लाए जाने की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी वहां पहुंचे। वे आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग कर रहे थे। इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के करीब जाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

हालात संभालने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। जवानों ने आरोपियों को सुरक्षित पुलिस वाहन में बैठाकर न्यायालय परिसर से बाहर निकाला। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

इस मामले को लेकर शुक्रवार रात भी प्रदर्शन हुआ था। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाने का घेराव किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने सर्विस रोड पर जाम भी लगाया और देर रात तक विरोध जताया।

शनिवार को अदालत परिसर में हुए घटनाक्रम के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।