अनिमेष कुजूर की सफलता पर CM साय ने दी बधाई, पिता बोले- बेटे ने मेरा सपना पूरा किया

रायपुर: अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले धावक अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अनिमेष और उनके माता-पिता से मुलाकात कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अनिमेष की मेहनत और लगन प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है।

बेटे की उपलब्धि से भावुक हुए पिता

अनिमेष के पिता अमृत कुजूर खुद भी कॉलेज के दिनों में एथलीट रहे हैं। उन्होंने लगातार चार साल कॉलेज चैंपियनशिप में हिस्सा लिया, लेकिन उचित मार्गदर्शन नहीं मिलने के कारण खेल में आगे नहीं बढ़ पाए।

अमृत कुजूर ने बताया कि उन्होंने बेटे को उसकी पसंद के खेल में आगे बढ़ने की पूरी आजादी दी। आज अनिमेष की उपलब्धियों पर उन्हें गर्व है।

उन्होंने कहा, “पहले लोग मुझे मेरे काम से कम जानते थे, अब बेटे के रिकॉर्ड से ज्यादा जानने लगे हैं।” उनके मुताबिक, बेटे की सफलता से परिवार को नई पहचान मिली है।

बलौदाबाजार पुलिस ने भी जताई खुशी

अनिमेष के परिवार का बलौदाबाजार से भी जुड़ाव रहा है। उनके पिता यहां ट्रैफिक डीएसपी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं, जबकि उनकी मां भी पुलिस विभाग में कार्यरत रही हैं।

बलौदाबाजार पुलिस ने अनिमेष की उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए उनकी सफलता को मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया।