कोटा बस हादसा: मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये देगी मोहन सरकार

भोपाल: राजस्थान के कोटा में खाटूश्यामजी जा रही मिनी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई मौतों पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले भोपाल और बैतूल के निवासियों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुश्किल समय में राज्य सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना

डॉ. मोहन यादव ने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

राज्य सरकार की ओर से हादसे से प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।