अचानक सिमगा पहुंचे सीएम विष्णुदेव साय, भाजपा नेताओं ने किया स्वागत

सिमगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को अचानक सिमगा पहुंचे। यहां वे एसडीएम कार्यालय में करीब एक घंटे तक रुके और लगभग 45 मिनट तक वीडियो कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री के पहुंचने की सूचना मिलते ही स्थानीय भाजपा नेता और कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचने लगे। इस दौरान पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद यादव और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

वीडियो कॉन्फ्रेंस का विषय स्पष्ट नहीं

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री एक महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए सिमगा एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। बैठक में एसडीएम, तहसीलदार और जनपद पंचायत के सीईओ सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। हालांकि, वीडियो कॉन्फ्रेंस में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

मुख्यमंत्री के आगमन पर भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। उनके अचानक पहुंचने से क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल देखने को मिली।