सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर प्रसव के बाद नवजात की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। गणेशपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी राजेश पटेल और स्टाफ नर्स प्रमिला गिरी को निलंबित कर दिया गया है।
रात 11 बजे अस्पताल पहुंचे थे परिजन
मामला रामानुजनगर विकासखंड के गणेशपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का है। जानकारी के मुताबिक, पवनपुर तलवापारा की गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन रात करीब 11 बजे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि उस समय स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर ताला लगा था और कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था।
महिला ने अस्पताल के गेट के सामने ही बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद नवजात की मौत हो गई। महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर ले जाया गया।
ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।
जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने मामले में कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी और स्टाफ नर्स को निलंबित कर दिया है। घटना ने ग्रामीण इलाकों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और कर्मचारियों की उपलब्धता पर सवाल खड़े किए हैं।