नशामुक्त भारत के संदेश के साथ रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका ने की पदयात्रा, गांधी-शास्त्री को किया याद

रायपुर: महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर रायपुर में नशामुक्त भारत के संदेश के साथ पदयात्रा निकाली गई। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका भी शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत टाउन हॉल परिसर से हुई। यहां राज्यपाल ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने पदयात्रा में हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया।

पदयात्रा टाउन हॉल से शुरू होकर अंबेडकर चौक तक पहुंची। यहां राज्यपाल रमेन डेका ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

राज्यपाल ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए समाज के अलग-अलग वर्गों की भागीदारी और लगातार जनजागरूकता जरूरी है।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा और सुनील सोनी समेत बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, महिलाएं और शहर के लोग शामिल हुए। पदयात्रा में शामिल लोगों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।