CM Vishnu Deo Sai Today: मंत्रालय में दिनभर व्यस्त रहेंगे मुख्यमंत्री साय, आज से पूरे प्रदेश में शुरू होगी ‘विकसित भारत-जी राम जी योजना’

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को राजधानी रायपुर में दिनभर शासकीय कार्यों में व्यस्त रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से मंत्रालय के लिए रवाना होंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मंत्रालय में विभिन्न विभागों से जुड़े प्रशासनिक और विकास कार्यों की समीक्षा तथा आवश्यक निर्णय लेंगे।

शाम को लौटेंगे मुख्यमंत्री निवास

दिनभर की विभागीय बैठकों और शासकीय कार्यों के बाद मुख्यमंत्री शाम 5:30 बजे मंत्रालय से मुख्यमंत्री निवास के लिए रवाना होंगे।

आज से लागू होगी ‘विकसित भारत-जी राम जी योजना’

प्रदेश में आज से ‘विकसित भारत-जी राम जी योजना’ का शुभारंभ भी किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण गरीब परिवारों को अधिक रोजगार उपलब्ध कराना और गांवों में आधारभूत विकास कार्यों को गति देना है।

ग्रामीण परिवारों को मिलेगा 125 दिनों का रोजगार

योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों की रोजगार गारंटी प्रदान की जाएगी। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 4,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में होंगे कार्यक्रम

योजना के शुभारंभ के अवसर पर राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य रोजगार के साथ ग्रामीण विकास को नई गति देना है।

318 प्रकार के विकास कार्यों को मिली प्राथमिकता

योजना के अंतर्गत जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना निर्माण, आजीविका संवर्धन और सामुदायिक विकास से जुड़े कुल 318 प्रकार के कार्य शामिल किए गए हैं। सरकार का मानना है कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आएगी।