शराब पार्टी बनी मौत की वजह, दोस्तों ने मिलकर युवक की ली जान; दो नाबालिग समेत 8 लोग हिरासत में

धमतरी। जिले में हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। नगरी क्षेत्र में हुए हत्याकांड की गुत्थी सुलझने के कुछ ही घंटे बाद कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया और दोस्तों ने मिलकर एक युवक की हत्या कर दी।

शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार 29 जून की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच ग्राम डाही स्थित शीतला मंदिर के पास टॉवर क्षेत्र में 8 से 9 युवक बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान हुलास मंडावी (35) और वहां मौजूद एक युवक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच गाली-गलौज होने लगी।

मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने दोनों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन नशे की हालत में हुलास मंडावी सभी से अभद्र व्यवहार करने लगा।

मारपीट के बाद पत्थर से किया जानलेवा हमला

बताया जा रहा है कि हुलास के व्यवहार से नाराज होकर आरोपियों ने पहले उसके साथ हाथ, मुक्कों और डंडों से मारपीट की। इसके बाद एक बड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से हुलास की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने शुरू की ताबड़तोड़ कार्रवाई

हत्या की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने देर रात ही घटना में शामिल सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

दो नाबालिग समेत 8 लोगों की भूमिका जांच के दायरे में

प्रारंभिक जांच में करीब आठ लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार दो युवकों की भूमिका मुख्य आरोपी के रूप में सामने आई है, जबकि अन्य को सह आरोपी माना जा रहा है।

जांच में यह भी सामने आया है कि हुलास अपने साथ शराब लेकर नहीं आया था। उसने साथियों से शराब मांगी, जिसके बाद उसे शराब पिलाई गई। कुछ देर बाद उसने कथित तौर पर साथियों से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद विवाद हिंसक हो गया।

जल्द हो सकता है पूरे मामले का खुलासा

पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही हत्या की पूरी साजिश और आरोपियों की भूमिका का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।