सोनपैरी कबीर आश्रम में संत कबीर महोत्सव, मुख्यमंत्री ने संत कबीर के विचारों को बताया आज भी प्रासंगिक

रायपुर। राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में कबीर जयंती के अवसर पर आयोजित संत कबीर महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत शामिल हुए। इस अवसर पर संत कबीर के विचारों, सामाजिक समरसता और जनकल्याण पर आधारित संदेशों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने बढ़ाने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने बढ़ाई बिजली बिल समाधान योजना की अवधि

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता को राहत देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना को तीन माह के लिए आगे बढ़ाया जाएगा। इससे अधिक से अधिक उपभोक्ता सरचार्ज माफी और अन्य आकर्षक प्रावधानों का लाभ लेकर अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान कर सकेंगे।

संत कबीर की शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रेरणा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि है और उनका बचपन कबीरपंथी समाज के बीच बीता है। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने अपना जीवन छुआछूत, जाति-पांति, कुरीतियों और आडंबर के खिलाफ जनजागरण में समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता का संदेश देते हैं।

गुरु असंग देव ने सेवा और ग्राम विकास पर दिया जोर

गुरु असंग देव ने कहा कि संत कबीर ने समाज से पाखंड और कुरीतियों को समाप्त करने के लिए अवतार लिया था। उन्होंने सेवा, परमार्थ, गौसेवा, वृक्षारोपण और ग्राम विकास को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि सच्चा सुख और आत्मिक संतोष सेवा से ही मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी नक्सलवाद के कारण जाना मुश्किल था, वहां अब शांति स्थापित हो चुकी है और विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है।

राज्यपाल बोले— संत कबीर का संदेश आज पहले से ज्यादा जरूरी

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर ने सत्य, मानव सेवा, समरसता और सद्भाव का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरे समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि सामाजिक विभाजन और नैतिक चुनौतियों के इस दौर में संत कबीर की वाणी पहले से अधिक प्रासंगिक हो गई है। उन्होंने सोनपैरी कबीर आश्रम द्वारा शिक्षा, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 10 लाख से अधिक बनकर तैयार हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब शांति और विकास का नया दौर शुरू हो चुका है। पीएम जनमन योजना, महतारी वंदन योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का अधिक उपयोग करने की अपील

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। उन्होंने लोगों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि तय समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा और लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।

रमन सिंह और तोखन साहू ने भी रखे विचार

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि संत कबीर की वाणी ने समाज को पाखंड, छुआछूत और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक किया। उन्होंने वृक्षारोपण को आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी बताया। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि संत कबीर ने सत्य, सेवा और सादगी का मार्ग दिखाया। यदि उनके विचारों को जीवन में अपनाया जाए तो समाज और राष्ट्र दोनों का कल्याण संभव है।