दुर्ग में बंद लॉज के भीतर चल रहा था देह व्यापार, पुलिस की दबिश में बड़ा खुलासा, तीन महिलाएं और दो पुरुष मिले

 दुर्ग : पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के इंदिरा मार्केट स्थित एक बंद पड़े लॉज में संचालित अवैध गतिविधि का पर्दाफाश किया है। सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसी की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर मौके से तीन महिलाओं और दो पुरुषों को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में आपत्तिजनक सामान भी जब्त किया गया।

बंद लॉज का हो रहा था अवैध इस्तेमाल

पुलिस के अनुसार, 28 जून की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदिरा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जिस लॉज को बंद बताया जा रहा था, उसकी आड़ में यह अवैध गतिविधि संचालित की जा रही थी। वहीं, परिसर में आइसक्रीम पार्लर संचालित होने की जानकारी भी सामने आई है।

नकदी, मोबाइल और बड़ी संख्या में कंडोम जब्त

छापे के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 20 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, 80 कंडोम पैकेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। पुलिस ने मौके पर मौजूद संचालक सहित अन्य लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, पीटा एक्ट के तहत केस दर्ज

मामले में पुलिस ने अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम यानी पीटा एक्ट की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। इस मामले में विजय गुजराती, नारायण देशमुख और तमाशा कुमार साहू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

अवैध कमाई के लिए रचा गया था पूरा नेटवर्क

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी आर्थिक लाभ हासिल करने के लिए बंद लॉज का इस्तेमाल देह व्यापार के अड्डे के रूप में कर रहे थे। पुलिस अब इस कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

लोगों से सहयोग की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी भी तरह की अवैध या अनैतिक गतिविधि संचालित होती दिखाई दे, तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।