बिलासपुर। कोटा क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त शिक्षक को जमीन समतल कर खेती योग्य बनाने का झांसा देकर 9 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले विश्वास जीतकर खेत में काम शुरू होने का भरोसा दिलाया और बाद में बैंक से बड़ी रकम निकलवाकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत समतल कराने की तलाश में मिले आरोपी
कोटा के श्रीपारा निवासी 65 वर्षीय रामनारायण सिंह पोर्ते सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। गांव में उनकी करीब तीन एकड़ जमीन है, जो उबड़-खाबड़ होने के कारण खेती के उपयोग में नहीं आ रही थी। इसी वजह से वह जमीन समतल कराने के लिए मशीन की तलाश कर रहे थे।
22 जून की सुबह एक युवक उनके घर पहुंचा और खुद को इस काम का जानकार बताते हुए जमीन देखने की बात कही। शिक्षक उसके साथ बाइक पर बैठकर खेत पहुंचे। बातचीत के दौरान युवक ने खुद को राजस्थान का निवासी बताया।
पहले विश्वास जीता, फिर मांगी बड़ी रकम
अगले दिन युवक फिर शिक्षक के घर पहुंचा और बताया कि खेत समतल करने का काम शुरू हो चुका है। वह उन्हें दोबारा खेत लेकर गया, जहां मशीन से काम होता दिखाई दिया। पास में एक सफेद स्कॉर्पियो भी खड़ी थी, जिसमें कुछ लोग बैठे थे।
युवक ने जमीन के हिसाब से कुल 9 लाख रुपये खर्च आने की बात कही। इस पर शिक्षक ने पहले घर से 2 लाख रुपये उसे दे दिए। इसके बाद आरोपी ने कहा कि काम तेजी से पूरा करने के लिए दूसरी मशीन लगानी होगी और तत्काल 7 लाख रुपये की जरूरत है।
बैंक से रकम निकालते ही हुआ फरार
आरोपी की बातों पर भरोसा कर शिक्षक कोटा स्थित बैंक पहुंचे और 7 लाख रुपये निकालकर वहीं उसे सौंप दिए। रुपये लेने के बाद युवक ने उन्हें खेत पहुंचने के लिए कहा।
जब शिक्षक खेत पहुंचे तो वहां न मशीन थी, न मजदूर और न ही आरोपी। पूरा स्थान खाली मिला। तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हो चुकी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने कोटा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।