CG News: रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, बाथरूम में मिली बेहोश, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में स्थित मनगट्टा के व्हिस्लिंग वुड रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान भिलाई-3 निवासी मुस्कान तिवारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। युवती की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

रायपुर में पार्टी के बाद पहुंची थी रिसॉर्ट

जानकारी के अनुसार, मुस्कान तिवारी भिलाई-3 स्थित मुक्त A-2 सिनेमाज में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। नौकरी के साथ-साथ उसे मॉडलिंग का भी शौक था। बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ दोस्तों के साथ पहले रायपुर के एक क्लब में पार्टी करने गई थी। इसके बाद सभी लोग मनगट्टा स्थित व्हिस्लिंग वुड रिसॉर्ट पहुंचे।

काफी देर तक नहीं दिखी तो बाथरूम में की तलाश

रिसॉर्ट में खाना खाने के दौरान जब मुस्कान काफी देर तक दिखाई नहीं दी, तो उसके दोस्तों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह बाथरूम में अचेत अवस्था में मिली। इसके बाद उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

सुबह से पहले दोस्तों के चले जाने से बढ़ा संदेह

मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई है कि मुस्कान के साथ रिसॉर्ट पहुंचे उसके साथी सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए। उनके अचानक चले जाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस इस पहलू को गंभीरता से लेते हुए युवती के साथ मौजूद सभी लोगों की तलाश कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। रिसॉर्ट के कर्मचारियों और घटना से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।