खनिज माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 15 जगहों पर छापेमारी; पोकलेन समेत 14 वाहन जब्त

 रायपुर। जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं की गतिविधियों पर कड़ा प्रहार किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग की विशेष उड़नदस्ता टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 14 वाहन और मशीनें जब्त की हैं।

15 चिन्हित क्षेत्रों में एक साथ पहुंचीं टीमें, मचा हड़कंप

खनिज विभाग द्वारा गठित दो विशेष दलों ने जिले के 15 संवेदनशील और चिन्हित स्थानों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। सीतामढ़ी, कपाटमुड़ा, सुराकछार, नरईबोध, रैंकी, कुदुरमाल, बरमपुर, बांकीमोंगरा, सुमेधा, कुमगरी, घनाकछार, कटघोरा, कछार, दर्री और धवईपुर सहित कई क्षेत्रों में एक साथ जांच की गई।निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर बिना अनुमति खनिज उत्खनन और परिवहन किए जाने के मामले सामने आए, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।

पोकलेन, हाइवा, टीपर और ट्रैक्टरों पर चला प्रशासन का डंडा

कार्रवाई के दौरान अवैध गतिविधियों में उपयोग किए जा रहे कुल 14 वाहन और मशीनों को जब्त किया गया। इनमें एक पोकलेन मशीन, नौ ट्रैक्टर, दो हाइवा और दो टीपर वाहन शामिल हैं। अधिकारियों ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।

थानों और जांच नाकों की निगरानी में रखे गए जब्त वाहन

जब्त वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाना क्षेत्रों और खनिज जांच नाकों की अभिरक्षा में रखा गया है। कुसमुंडा, हरदीबाजार, दर्री और बांकीमोंगरा थाना सहित उरगा खनिज जांच नाके में वाहनों को सुरक्षित रखा गया है, जहां नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

दोषियों पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई तय

खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल वाहन मालिकों एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोषियों पर आर्थिक दंड के साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व बचाने पर फोकस

प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल अवैध खनन पर रोक लगाना नहीं, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखना और शासकीय राजस्व को होने वाले नुकसान को रोकना भी है। लगातार निगरानी के जरिए खनिज माफियाओं की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।

आने वाले दिनों में और तेज होगा अभियान

खनिज विभाग ने साफ किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।