गुपचुप ज्यादा खिलाने पर खूनी बवाल! डोंगरगढ़ में पिता-पुत्र पर चाकू से हमला, शहर में दहशत का माहौल

डोंगरगढ़। शहर में लगातार बढ़ रही हिंसक घटनाओं के बीच एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वार्ड क्रमांक 3 स्थित खैरागढ़ रोड पर गुपचुप ठेला लगाने वाले पिता-पुत्र पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक विवाद गुपचुप ज्यादा खिलाने की बात को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन कुछ ही देर में मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई।

देखते ही देखते निकला चाकू, मच गई भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात खैरागढ़ रोड पर रोज की तरह गुपचुप का ठेला लगा हुआ था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और खाने के दौरान बहस शुरू हो गई।पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी हुई, फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने अचानक चाकू निकाल लिया और पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।हमले के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों घायलों को बचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया, आरोपी फरार

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं हमला करने वाले आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

लगातार बढ़ रहीं हिंसक घटनाएं, लोगों में डर

डोंगरगढ़ में हाल के दिनों में चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। कुछ दिन पहले बुधवारी पारा स्थित पुराने अस्पताल परिसर में भी चाकू चलने की घटना हुई थी। वहीं रामाटोला गांव में शादी समारोह के दौरान हिंसक विवाद सामने आया था।इसके अलावा पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान सरपंच पर हमला होने की घटना ने भी कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए थे।लगातार हो रही घटनाओं से शहरवासियों में डर और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।

नशाखोरी और गैंगबाजी पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात सक्रिय असामाजिक तत्व, बढ़ती नशाखोरी और युवकों की गैंगबाजी अपराधों को बढ़ावा दे रही है। नागरिकों ने शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।