कोरबा में शर्मनाक घटना, शराब के लिए दोस्त की बाइक बेची, फिर सड़क पर बेरहमी से पिटाई

छत्तीसगढ़ : के कोरबा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दोस्ती की आड़ में हुई हरकत ने हिंसा का रूप ले लिया। शराब की लत ने एक युवक को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर किया कि उसे बीच सड़क अपमान और मारपीट का सामना करना पड़ा।

शराब के लिए बेच दी दोस्त की बाइक

जानकारी के अनुसार पीड़ित अमरदास, जो कावेरी विहार के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है, शराब का आदी बताया जा रहा है। 27 मार्च को वह अपने मित्र सरोज कुमार के पास पहुंचा और उसकी बाइक लेकर निकल गया। बाद में जब वह लौटा तो बाइक उसके पास नहीं थी। पूछताछ में पता चला कि उसने शराब के पैसे के लिए बाइक बेच दी।

गुस्से में दोस्त बना हमलावर

बाइक बेचने की बात सामने आते ही सरोज कुमार का गुस्सा फूट पड़ा। उसने अमरदास को पकड़कर न सिर्फ बुरी तरह पीटा, बल्कि उसके कपड़े उतरवाकर सड़क पर दौड़ा दौड़ा कर मारपीट की। इस दौरान युवक के नाक और मुंह से खून निकलने लगा।

राहगीरों ने बचाई जान, भीड़ जुटी

घटना के दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने बीच बचाव किया और किसी तरह युवक को हमलावर के चंगुल से छुड़ाया। मारपीट की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के करीब आठ दिन बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। दर्री थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।