भिलाई। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भिलाई के सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारा श्री सिंगसभा पहुंचे। यहां उन्होंने पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाकर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिख समाज के लोगों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं और लंगर में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।
गुरु नानक देव के संदेशों को किया याद
प्रकाश पर्व समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर इस पावन आयोजन में शामिल होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाने का अवसर मिलना उनके लिए श्रद्धा और सम्मान का विषय है।
मुख्यमंत्री ने सिख समाज के संतजनों, माताओं-बहनों, युवाओं और सभी लोगों को प्रकाश पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सिख समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहे।
जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।
इस अवसर पर सिख समाज के संतजन, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे।