रायपुर: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। लोकार्पण के बाद अमित शाह ने पार्क में पीपल का पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
करीब 16 एकड़ में विकसित इस पार्क में 2,500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए हैं। इसके अलावा स्थानीय प्रजातियों के 500 से ज्यादा पौधे भी यहां रोपे गए हैं। पार्क को पर्यावरण संरक्षण और नवा रायपुर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ बनाने की योजना
नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की योजना के तहत इस पार्क को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसका उद्देश्य पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करना है।
‘पीपल फॉर पीपल’ अभियान से जुड़ेंगे लोग
नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने के लिए ‘पीपल फॉर पीपल’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके जरिए नागरिकों को पौधे लगाने और उनके बड़े होने तक उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस पहल के तहत शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।