जगदलपुर में युवा संवाद: मनसुख मांडविया बोले- 2047 तक विकसित भारत बनाने की जिम्मेदारी युवाओं पर

जगदलपुर: केंद्रीय श्रम एवं रोजगार और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि 2047 में जब भारत आजादी की शताब्दी मनाएगा, तब देश को विकसित राष्ट्र बनाने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के हाथों में होगी। उन्होंने युवाओं को ‘अमृत पीढ़ी’ बताते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

सोमवार, 2 नवंबर को कुम्हरावण्ड स्थित शासकीय कृषि महाविद्यालय के सभागार में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में मांडविया ने युवाओं से सीधी बातचीत की। इस दौरान लोकतंत्र, मतदाता सूची पुनरीक्षण और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री के पंच प्रण को जीवन में अपनाने का भी आह्वान किया।

‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म से जुड़ेंगे युवा

केंद्रीय मंत्री ने ‘माय भारत’ डिजिटल प्लेटफॉर्म का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके जरिए युवाओं को नवाचार, मेंटरशिप, स्वयंसेवा और करियर के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा जिस भी क्षेत्र में काम करें, राष्ट्र प्रथम की भावना को प्राथमिकता दें।

मांडविया ने बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और चित्रकोट जलप्रपात की संभावनाओं की भी सराहना की।

केदार कश्यप ने दिलाई राष्ट्र सेवा की शपथ

कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं को राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अराजकता फैलाने वाली ताकतों के खिलाफ बस्तर का युवा एकजुट है।

इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह सहित भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।