धमतरी में अपशब्द बोलने से मना करने पर पड़ोसी को चाकू मारा, आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अपशब्द बोलने से मना करने पर एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना करेलीबड़ी पुलिस चौकी क्षेत्र के धौराभाठा गांव की है। हमले में गंभीर रूप से घायल रोशन साहू का रायपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे गांव के अवधराम साहू अपने घर की बाड़ी में अपशब्द बोल रहा था। पड़ोसी रोशन साहू और चुम्मन साहू ने इसका विरोध किया।

आरोप है कि इससे नाराज अवधराम ने रोशन को जान से मारने की धमकी दी और सब्जी काटने वाले चाकू से उनके पेट पर वार कर दिया।

रायपुर के अस्पताल में घायल का इलाज

हमले में गंभीर रूप से घायल रोशन साहू को रायपुर के उर्मिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी पत्नी तामेश्वरी साहू की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर करेलीबड़ी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 109(1) के तहत जांच शुरू की।

घर के आंगन से चाकू बरामद

पुलिस ने 56 वर्षीय आरोपी अवधराम साहू को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर घर के आंगन में ईंटों के नीचे छिपाकर रखा गया स्टील का चाकू बरामद किया गया।

आरोपी को 24 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।