रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंच गई हैं। उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री और प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू भी मौजूद हैं। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद ईरानी का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है।
इस दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगी। बैठकों में आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा होगी।
‘मन की बात’ से शुरू होगा बैठकों का दौर
रविवार को सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के साथ बैठकों की शुरुआत होगी। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठकें होंगी।
दोपहर में संभाग और जिला प्रभारियों से चर्चा की जाएगी। शाम को पूर्व सांसदों, विधायकों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। रात में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक प्रस्तावित है।
सोशल मीडिया गतिविधियों की होगी समीक्षा
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नेताओं को व्यक्तिगत प्रचार के बजाय केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
भाजपा का आईटी सेल पदाधिकारियों की सोशल मीडिया गतिविधियों की समीक्षा कर रिपोर्ट तैयार करेगा।
सोमवार को मंत्रियों और विधायकों से चर्चा
दौरे के दूसरे दिन सोमवार को स्मृति ईरानी भाजपा विधायकों, सांसदों और राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक करेंगी।
इसके अलावा निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों तथा उपाध्यक्षों से भी संवाद होगा। इस दौरे को भाजपा की वर्ष 2028 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनावों की संगठनात्मक तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।