राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर पहुंचीं, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत

रायपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर गुरुवार को रायपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति का काफिला लोक भवन के लिए रवाना हुआ।

राष्ट्रपति के दौरे के पहले दिन रायपुर में कई कार्यक्रम निर्धारित हैं। इनमें शदाणी दरबार की पंचम पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम शामिल है। इस अवसर पर राष्ट्रपति 200 रुपये का स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगी।

वह रायपुर के इनडोर स्टेडियम में आयोजित सेवा सम्मान पर्व में भी शामिल होंगी। इसके अलावा गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

शुक्रवार को जगदलपुर जाएंगी राष्ट्रपति

छत्तीसगढ़ दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जगदलपुर पहुंचेंगी। यहां वह बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा मुरिया दरबार में शामिल होंगी। यह कार्यक्रम सिरहासार भवन में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति लालबाग मैदान में आमसभा को संबोधित करेंगी।

राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों का वन मंत्री केदार कश्यप ने भी जायजा लिया। उन्होंने लालबाग मैदान में मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन का निरीक्षण किया। अधिकारियों को तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

राष्ट्रपति का यह दौरा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और बस्तर दशहरा की विशिष्ट परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है