बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के सिविल लाइन इलाके में नवरात्रि के दौरान राम मंदिर की तर्ज पर बनाया गया भव्य दुर्गा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंडाल की आकर्षक सजावट और मां दुर्गा व मां काली की विशाल प्रतिमाओं के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
अयोध्या के राम मंदिर जैसी बनावट वाले इस पंडाल को विशेष रूप से सजाया गया है। यहां भगवान विष्णु, मां दुर्गा और मां काली की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इसके अलावा, पंडाल के बाहर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को झांकियों के माध्यम से दर्शाया गया है। शाम होते ही परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगती है। लोग माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
छह महीने पहले शुरू हो जाती है तैयारी
दुर्गोत्सव समिति के अध्यक्ष चितावर जायसवाल के मुताबिक, पंडाल की तैयारियां करीब छह महीने पहले शुरू कर दी जाती हैं। इस साल आयोजन पर लगभग 25 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पंडाल की भव्य सजावट, प्रतिमाओं की स्थापना और धार्मिक झांकियों को तैयार करने में समिति के सदस्यों के साथ स्थानीय लोगों का भी सहयोग रहता है।
राम मंदिर की तर्ज पर तैयार इस पंडाल ने नवरात्रि के दौरान इलाके में धार्मिक उत्साह बढ़ा दिया है। आकर्षक सजावट और देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के चलते यह आयोजन स्थानीय लोगों के साथ आसपास से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी खास आकर्षण बना हुआ है।