रायपुर। छत्तीसगढ़ के चंदखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर परिसर में भगवान श्रीराम की मूर्ति क्षतिग्रस्त होने के मामले में नया बयान सामने आया है। मंदिर समिति के अध्यक्ष रामस्वरूप वर्मा के मुताबिक, मूर्ति स्थापित होने से पहले ही उसके दाहिने हिस्से का पत्थर टूटकर गिर गया था। अब मूर्ति बदली जाएगी या नहीं, इसका फैसला राज्य सरकार को करना है।
वर्मा ने बताया कि मूर्ति स्थापना के समय पत्थर का हिस्सा गिरने की जानकारी संस्कृति विभाग के अधिकारियों ने दी थी। मूर्ति के क्षतिग्रस्त होने के बाद नई प्रतिमा स्थापित करने को लेकर चर्चा चल रही है।
मंदिर की दूसरी समस्याएं भी उठाईं
मंदिर समिति के अध्यक्ष ने परिसर की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि बारिश के दौरान गर्भगृह में पानी टपकता है, जिससे मूर्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा मंदिर की बाउंड्रीवाल का निर्माण भी अधूरा है।
वर्मा के अनुसार, अधूरी बाउंड्रीवाल के कारण परिसर में असामाजिक तत्वों के आने और अभद्र व्यवहार की शिकायतें सामने आती हैं। इन समस्याओं से संबंधित विभाग को अवगत कराया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि मूर्ति बदलने का निर्णय सरकार को लेना है, लेकिन इसके साथ ही मंदिर में पानी रिसने, अधूरी बाउंड्रीवाल और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी जरूरी है।