भारत आएंगे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, ट्रेड डील पर नजर

नई दिल्ली। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो 17 से 22 अक्टूबर 2026 तक भारत और उज्बेकिस्तान के दौरे पर रहेंगे। भारत में वह मुंबई और गुजरात के जामनगर जाएंगे। इस दौरान भारतीय अधिकारियों और कारोबारी प्रतिनिधियों से मुलाकात होगी।

अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, दौरे का उद्देश्य भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना और ऊर्जा सहयोग व निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करना है।

यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। हालांकि, इस दौरे में किसी नई ट्रेड डील या ऊर्जा समझौते की आधिकारिक घोषणा की पुष्टि नहीं हुई है।

गुजरात के जामनगर में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बड़ा तेल रिफाइनरी परिसर है। ऐसे में रूबियो के दौरे में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी नजर रहेगी।

रूबियो इससे पहले मई 2026 में भारत आए थे। उस दौरान उन्होंने क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया था। भारत पहुंचने से पहले वह उज्बेकिस्तान के समरकंद में अमेरिका और मध्य एशियाई देशों के समूह C5+1 की बैठक में शामिल होंगे।