रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती की मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी है। यह परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जानी थी। आयोग ने आदेश जारी कर परीक्षा टालने की जानकारी दी है।
नई तारीख का ऐलान बाद में
आयोग के मुताबिक, अपरिहार्य कारणों से परीक्षा स्थगित की गई है। हालांकि, आदेश में इसकी स्पष्ट वजह नहीं बताई गई है। मुख्य परीक्षा की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी। फिलहाल अभ्यर्थियों को संशोधित समय-सारणी का इंतजार करना होगा।
राज्योत्सव से तारीखों का टकराव?
छत्तीसगढ़ में 1 से 3 नवंबर तक राज्योत्सव आयोजित होना है। वहीं, SI मुख्य परीक्षा 2 से 4 नवंबर के बीच प्रस्तावित थी। ऐसे में दोनों आयोजनों की तारीखों के बीच टकराव परीक्षा स्थगित होने की संभावित वजह हो सकता है। हालांकि, CGPSC ने राज्योत्सव को परीक्षा टालने का आधिकारिक कारण नहीं बताया है।
वेबसाइट पर देखते रहें अपडेट
अभ्यर्थी परीक्षा की नई तारीख और अन्य सूचनाओं के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर नजर रखें।