रायपुर, 6 जून। विज्ञान में रूचि रखने वाले विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई करना में बड़ा रास आ रहा है। जीव विज्ञान में रूचि रखने वाले विद्यार्थियों ने बताया कि शरीर विज्ञान से संबंधित चित्रों को रंगीन में देखने से विषय वस्तु ज्यादा स्पष्ट होती है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लॉकडाउन अवधि में बच्चों की पढ़ाई को निरंतर बनाए रखने के लिए शुरू किए गए पढ़ई तुंहर दुआर शिक्षा पोर्टल से प्रदेश में लाखों विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेन्द्रगढ़ में जीव विज्ञान संकाय में कक्षा 12वीं की छात्रा कुमारी अंजू ने बताया कि चिकित्सक बनना चाहती हैं वे इसके लिए कड़ी मेहनत कर रही है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पढ़ाई से विज्ञान की पढ़ाई रूचिकर लगती है। इससे कठिन लगने वाले अध्याय भी आसानी से समझ में आता है। ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान मिलने वाले होमवर्क को वह नियमित रूप से पूरा करती है। दंतेवाड़ा शासकीय हाई स्कूल में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत कुमारी वीणा ठाकुर ने बताया कि ऑनलाइन पढ़ाई के लिए पाठ्य सामग्री की गुणवत्ता उच्च स्तरीय है। इसमें वीडियों लेक्चर के अलावा पीडीएफ में सामग्री भी दी जाती है। इससे नोट्स बनाने में लगने वाले समय की भी बचत होती है। इसे पढ़ने के लिए विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय भी मिल रहा है।