सुकमा, 29 अप्रैल। छत्तीसगढ़ में नक्सली अपनी कायराना हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। हालांकि, जवानों को भारी पड़ता देख उनके भागने का सिलसिला जारी है। अब सुकमा में गुरुवार को CRPF और DRG जवानों को आता देख नक्सली अपना कैंप छोड़कर भाग निकले। तलाशी के दौरान जवानों ने वहां से IED बरामद किया। इसे विस्फोट कर नष्ट कर दिया है।
CRPF और DRG के जवान संयुक्त रूप से केरलापाल के पोंगाभेज्जी इलाके में सर्चिंग पर निकले थे। वहां नक्सलियों ने अपना कैंप लगाया हुआ था। जवानों को आता देखकर नक्सली कैंप छोड़कर भाग निकले। बताया जा रहा है कि जवानों को नक्सली मूवमेंट की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम इलाके में सर्चिंग अभियान चला रही है।
नक्सली लगातार कर रहे हैं वारदातें
नक्सली लगातार बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर और उससे लगती महाराष्ट्र की सीमा में उत्पात मचा रहे हैं। 6 दिन पहले ही रात को नक्सलियों ने दंतेवाड़ा में रेलवे ट्रैक तोड़कर पैसेंजर ट्रेन को डिरेल करने का प्रयास किया था। बीजापुर में अगवा CAF के SI मुरली ताती को अगवा कर हत्या कर दी। 26 अप्रैल को भारत बंद के दौरान रास्ता बंद कर बैनर लगाए। महाराष्ट्र में वाहन जला दिए। एक दिन पहले थाने पर हमला भी किया।