ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को लेकर ऑनलाइन संरक्षा सेमिनार का आयोजन

रायपुर, 11 जुलाई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल के संरक्षा विभाग द्वारा ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें ट्रेनों के परिचालन को लेकर परिचालन तथा सिगनल एवं दूरसंचार विभाग के सुपरवाइजरो एवं कर्मचारियों के द्वारा महत्‍वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इस संरक्षा संगोष्ठी में प्‍वाइंटस, सिगनल एवं ब्‍लॉक उपकरण की विफलता के दौरान परिचालन एवं सिगनल कर्मचारियों का कर्तव्‍य, रिलेरूम में असुरक्षित एवं शार्टकट कार्य न करने के लिए बरती जानेवाली सावधानियां एवं स्‍टेशन में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य आदि की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस संरक्षा सेमिनार में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ.आर. सुदर्शन, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी आर. के. देवांगन तथा संरक्षा सलाहकार, सुपरवाइजर एवं कर्मचारियों को मिलाकर कुल 36 लोगो ने ऑनलाइन संरक्षा संगोष्ठी में भाग लिया।